मोदी सरकार में मंत्री स्मृति इरानी और हरसिमरत कौर बादल एक साथ मंच पर जमकर थिरकीं। दोनों को एक साथ डांस करते देखकर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। पंजाब के बठिंडा में आयोजित कार्यक्रम में दोनों ने इस तरह डांस किया।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति इरानी बठिंडा के गांव घुदा में केंद्रीय यूनिवर्सिटी पंजाब का शिलान्यास करने पहुंची थीं। शिलान्यास के बाद स्मृति केंद्रीय फूड प्रोसेसिंग मंत्री हरसिमरत कौर बादल के साथ मेरिटोरियस स्कूल का दौरा करने पहुंचीं।
शिलान्यास कार्यक्रम में छात्राओं की ओर से पंजाबी लोकनृत्य भंगड़ा पेश किया। इसी बीच उन्होंने केंद्रीय मंत्री को डांस के लिए आमंत्रित किया। स्मृति इरानी खुद को रोक न सकीं और हरसिमरत बादल को लेकर मंच पर पहुंच गई। इसके बाद दोनों ने ढोल की थाप पर गिद्दा डाला।
पूरे देश में खोले जाएंगे मेरिटोरियस स्कूल
शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि गरीब बच्चों की मदद के लिए पूरे देश में मेरिटोरियस स्कूल खोले जाएंगे। पंजाब में मेरिटोरियस स्कूलों की स्थापना करने के लिए उन्होंने मुख्य मंत्री प्रकाश सिंह बादल की पहल की सराहना की।
केंद्रीय यूनिवर्सिटी पंजाब का शिलान्यास करने के बाद केंद्रीय फूड प्रोसेसिंग मंत्री हरसिमरत कौर बादल के साथ मेरिटोरियस स्कूल का दौरा करने पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि इस माडल ने भारत सरकार को पढ़ाई में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले गरीब बच्चों की सहायता करने का रास्ता दिखाया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि माहिरों की एक टीम भारत सरकार के पास भेजी जाए, जिससे नई शिक्षा नीति में उनकी सलाह को शामिल किया जा सकें । केंद्रीय मंत्री ईरानी ने कहा कि शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने के लिए इस तरह का माडल अपनाने से देश को बहुत सहायता मिलेगी ।
बादल बोले प्रदेश भर में खोले जाएंगे मेरिटोरियस स्कूल
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि प्रदेश में ऐसे बहुत छात्र है जो आर्थिक तौर पर कमजोर होने के बाद भी पढ़ाई में अच्छे अंक प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह स्कूल खोलने का मकसद होशियार बच्चों को पर्याप्त शिक्षा दिलाना है ।
उन्होंने कहा कि ऐसे ही स्कूल आने वाले समय में संगरूर, फिरोजपुर और गुरदासपुर में खोले जाएंगे। प्रत्येक स्कूल पर तीस करोड़ की लागत आएगी। सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है। अभी मेरिटोरियस स्कूल मोहाली, पटियाला, बठिंडा, जालंधर, अमृतसर, लुधियाना और तलवाड़ा (होशियारपुर) में चल रहे हैं।
केंद्रीय फूड स्मृति ईरानी और हरसिमरत कौर बादल ने भी मेरिटोरियस स्कूल में बच्चों के साथ बातचीत की और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली ।
स्मृति ने कुछ मांगा तो बादल ने आशीर्वाद दिया
बठिंडा के गांव घुदा में केंद्रीय यूनिवर्सिटी पंजाब का शिलान्यास करने पहुंचीं केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री ने जब मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से ही कुछ देने की मांग कर डाली तो बादल ने तुरंत बात को संभालते हुए केंद्रीय मंत्री के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।
समागम के दौरान मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल जब मंच से स्मृति ईरानी से पंजाब के लिए कुछ मांग रहे थे तो ईरानी ने तुरंत अपनी सीट से खडे़ होकर माइक संभाल लिया और मुख्यमंत्री से कहा कि जब बेटी पिता के घर आती है तो कुछ देती नहीं बल्कि पिता बेटी को कुछ देता है। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत केंद्रीय मंत्री के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।
यहां देखें वीडियो