चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग ने वीरवार से बसों का किराए में बढ़ोतरी की, लेकिन संपर्क केंद्रों ने पहले ही बढ़े हुए दाम वसूलने शुरू कर दिए। सेक्टर-40 के संपर्क केंद्र की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिसमें एक विद्यार्थी से दो महीने के एसी-नॉन एसी के पास के लिए बढ़े हुए दामों से भी ज्यादा 830 रुपये वसूले गए।
सेक्टर-40सी में रहने वाले अनिल भंडारी अपने बेटे के दो महीने का स्कूल बस पास बनवाने के लिए वीरवार को सेक्टर-40 स्थित संपर्क केंद्र गए। इस दौरान उनसे दो महीने के स्कूल बस पास के लिए 830 रुपये लिए गए। अनिल भंडारी ने बताया कि सीटीयू की तरफ से बढ़े हुए दाम 16 जनवरी से लागू किए जा रहे हैं, लेकिन उनसे वीरवार को ही ज्यादा पैसे वसूले गए।
यही नहीं, उन्होंने कहा कि अगर संपर्क केंद्र बढ़े हुए दाम के तहत भी पैसे लेता तो 350 प्रति महीना के हिसाब से 700 रुपये ही बनते हैं, लेकिन 830 रुपये लिए गए। इसमें 30 रुपये संपर्क केंद्र की फीस के रूप में लिया, जबकि बाकी दाम बढ़ने का हवाला दिया गया। उन्होंने कहा कि जब वह पास बनवाने गए तो दाम बढ़े नहीं थे, इसलिए संपर्क केंद्र ने उनसे 200 रुपये ज्यादा वसूले हैं।
अब सवाल यह उठता है कि जब स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (एसटीए) की तरफ से नए दाम शुक्रवार से लागू किए गए तो संपर्क केंद्र पहले ही बढ़े हुए दाम चार्ज क्यों कर रहे हैं। यह भी महत्वपूर्ण है कि संपर्क केंद्र अब तक ऐसे कितने लोगों से ज्यादा पैसे चार्ज कर चुका है।
यह संभव नहीं, जांच कराएंगे: उमा शंकर गुप्ता
संपर्क केंद्र की इस लापरवाही को लेकर जब सीटीयू के डायरेक्टर उमा शंकर गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बढ़े हुए दाम शुक्रवार से लागू किए जा रहे हैं। ऐसे में पहले ही कोई बढ़े हुए दाम चार्ज कर रहा है, यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता उन्हें रसीद की कापी के साथ लिखित में अपनी शिकायत भेजें तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी।