शहर में बच्चों को उठा कर ले जाने वाले गिरोह के सक्रिय होने की अफवाहों के चलते प्ले-वे स्कूल संचालकों ने सोमवार तक छुट्टी की घोषणा कर दी है। जिला शिक्षा अधिकारी दयानंद सिहाग ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग हरियाणा के महानिदेशक डॉ. राकेश गुप्ता ने स्कूल में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं एसपी ने कहा कि बच्चों को अपहरण करने वाला गिरोह जैसा कोई मामला सामने नहीं आया है, फिर भी हमें सतर्क रहना चाहिए।
ढाणियों में भी बच्चों के अपहरण की अफवाह
रानियां के रणजीतपुर थेड़ी गांव के आसपास की दो ढाणियों में भी बच्चों के अपहरण की अफवाह सोशल मीडिया पर वायरल हुई।
इधर, मासूम विजयपाल मम्मी से बोला- अंकल हाथ पकड़कर ले गए थे
महेंद्रगढ़ में घर से बाहर से लापता हुए छह साल के विजयपाल ने परिजनों को बताया कि एक अंकल हाथ पकड़कर उसे अपने साथ ले गए थे। ट्रेन में दूसरे अंकल भी मिले। बाद में दोनों अंकल उसे गुरुग्राम स्टेशन पर छोड़कर चले गए।
बुधवार देर रात जब वह रोने लगा तो पुलिस ने उसे अपने पास बैठा लिया। पुलिस उसे लेकर रात करीब दो बजे पुलिस महेंद्रगढ़ पहुंची। तब उसने बताया- मम्मी कोई अंकल हाथ पकड़कर ले गए थे। दहशत में आकर विजयपाल की मां नीतू ने गुरुवार को अपने किसी बच्चे को स्कूल नहीं भेजा।
महिला ने सात माह की काव्या को उठाया, शोर मचाया तो छोड़कर भागी
मैं आज सुबह अपनी सात माह की चचेरी बहन काव्या के साथ पार्क में खेल रहा था। इसी बीच पीले रंग का सूट पहनी महिला आई और उसने काव्या को गोद में उठा लिया। मैंने जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया तो मम्मी निशा जैसे ही आई।
वैसे ही वह महिला काव्या को गेट के पास ही छोड़कर भाग गई। उसके हाथ में 100 का नोट भी था। यह बात काव्या के साथ खेल रहे उसके चचेरे भाई कार्तिक बंसल (7) ने परिजनों को बताई। परिजनों ने पुलिस को मामले की शिकायत दे दी है। पुलिस स्केच तैयार कर संदिग्ध महिला की तलाश शुरू कर दी है। मामला सिरसा का है।