इतने में ही सुजीत कुमार के समर्थक भी खड़े हो गए और उन्होंने रणबीर गंगवा समर्थकों का विरोध करना शुरू कर दिया। दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप के चलते बैठक में जबरदस्त हंगामा हो गया और दोनों तरफ से समर्थक अपने-अपने नेताओं के पक्ष में नारेबाजी करने लगे। करीब आधे घंटे तक यह सारा घटनाक्रम चलता रहा।
शिक्षामंत्री बोले- इनेलो की प्रवृत्ति छोड़कर भाजपा के सिद्धांत अपनाओ
हंगामे के कारण नलवा हलके की बैठक को जल्दबाजी में निपटा दिया गया। सुजीत कुमार, घोलू गुर्जर व विधायक रणबीर गंगवा ने अपनी बात रखी। सूत्रों के अनुसार माइक पर अपनी बात रखते हुए सुजीत कुमार ने आरोप लगाए कि हंगामा करने वाले लोग हर समय विधायक के साथ रहते हैं। इसके बाद शिक्षामंत्री को संबोधन के लिए बुलाया गया। शिक्षामंत्री ने हंगामा करने वालों को नसीहत दी कि इनेलो की प्रवृत्ति छोड़कर अब भाजपा के सिद्धांत अपनाओ। इस तरह की हरकतें भाजपा में नहीं चलेंगी। मेहनत करो और आगे बढ़ो।
सूत्रों की मानें तो बैठक के दौरान नलवा हलके से ही पार्टी के एक नेता ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने नलवा के साथ अन्य क्षेत्रों में भी पार्टी के लिए काम किया है। ऐसा कहते-कहते उन्होंने कहा कि वे आदमपुर में भी प्रचार के लिए गए थे, लेकिन ग्लैमर देखने नहीं, बल्कि पार्टी का प्रचार करने।
उनके इतना कहते ही हिसार के विधायक डॉ. कमल गुप्ता ने उन्हें बीच में टोक दिया और कहा कि आदमपुर से चुनाव लड़ने वाली नेता हमारी सम्मानित बहन हैं, पार्टी की नेता हैं, इसलिए अपने शब्दों का चयन ठीक करो।
मुझे पता नहीं कि बैठक में मेरा विरोध क्यों किया गया। चुनाव के दौरान पार्टी ने जहां पर और जैसी ड्यूटी लगाई, मैंने वैसा ही काम किया। मेरे विरोध का कोई औचित्य नहीं था। फिर भी जो हुआ, वह पार्टी का अंदरूनी मामला है। - सुजीत कुमार, कार्यकारी जिलाध्यक्ष, भाजपा
हंगामे या झगड़े जैसी कोई बात नहीं है। वैसे ही कार्यकर्ता बातचीत कर रहे थे। हम सभी कार्यकर्ताओं के धन्यवादी हैं, जिन्होंने कड़ी मेहनत से नलवा हलके में पहली बार कमल खिलाया। पिछली बार विपक्ष के विधायक थे, लेकिन इस बार सत्तापक्ष में हैं तो पिछली बार जो कमी रह गई है, वो पूरी करवाएंगे। - रणबीर सिंह गंगवा, विधायक, नलवा