आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि कश्मीर को लेकर लागू अस्थाई अनुच्छेद 370 व 35 ए ने सिद्ध कर दिया है कि ये देश को बर्बाद करने, आतंकवाद को बढ़ाने वाली, भाईचारे को खत्म करने वाली वाली हैं।
अब समय आ गया है कि देश में क्षेत्रीय भेदभाव खत्म हो। कश्मीर में परिसीमन लागू किया जाए, पूरे देश की तरह एक झंडा, एक संविधान, एक पीएम, एक राष्ट्रपति के तहत कश्मीर में भी काम हो ताकि कश्मीर खुशहाल होकर झूमता नजर आए। महबूबा या चंद ऐसे नेता जो कह रहे हैं कि सेना बल बढ़ाने से दहशत है तो ऐसी कोई दहशत नहीं है, बल्कि उनके मन का चोर बोल रहा है।
शुक्रवार को कैथल में चंद्रगुप्त गोयल के आवास पर मीडिया से बातचीत में इंद्रेश कुमार ने कहा कि पूर्व पीएम स्व जवाहर लाल नेहरु की एक गलती से 1948 में जम्मू एवं कश्मीर का 78 हजार वर्ग किलोमीटर पीओके व 1965 में 43000 वर्ग किलोमीटर चीन के कब्जे में चला गया। इस तरह से देश की इस 1.21 लाख वर्ग किलोमीटर जमीन को छुड़वाना देश के हर व्यक्ति का लक्ष्य होना चाहिए।
तीन तलाक बिल पास होने पर कहा कि मोदी सरकार ने कानून बनाकर देश की 8 करोड़ 40 लाख मुस्लिम महिलाओं को महाशिवरात्रि के दिन स्वतंत्रता दिवस से पहले एक बड़ी कुरीति से आजादी दी। सुप्रीम कोर्ट में चल रहे राम मंदिर निर्माण मसले को लेकर इंद्रेश कुमार ने कहा कि पूरे देश की पहले भी मांग थी कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले में प्रतिदिन सुनवाई करके फैसला जल्दी करें।
एक बार फिर देशवासियों की मांग है कि इस मसले पर शीघ्र फैसला लिया जाए। क्योंकि जब सभी धर्मों के उच्चतम धार्मिक स्थलों का हम सम्मान करते हैं तो हमारे राम लला के मंदिर का विरोध क्यों किया जा रहा है। भारत बाबर या बाबरी से नहीं बल्कि इमाम ए हिंद श्री राम के नाम से ही जाना जाएगा।