भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ लोकसभा सीट से उम्मीदवार कौन होगा। आरएसएस ने अपनी पसंद पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को बता दी है।
इससे चंडीगढ़ सीट से दावेदारी ठोक रहे तीन नेताओं की धड़कने बढ़ गईं है। यह नेता अब जानने में लगे हुए हैं कि कौन भाग्यशाली आरएसएस की पहली पसंद है।
यही नहीं आरएसएस ने जीत का रोडमैप तैयार करना शुरू कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, 22 फरवरी के बाद कभी भी उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जा सकती है।
आरएसएस के सूत्रों का कहना है कि इस बार पार्टी को यहां से हर हाल में विजय दिलवाना है। इसलिए यहां से जननेता को ही पार्टी का टिकट मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, आरएसएस की पसंद पर पार्टी के संगठन मंत्री अजय जामवाल ने भी अपनी मुहर लगा दी है। हालांकि, कोई भी नेता कुछ भी बोलने से बच रहा है।
इस माह टिकटों की सूची जारी हो सकती है। एक नेता का कहना है कि पार्टी यदि नाम की घोषणा कर भी देगी तो भी नामांकन के आखिरी पल तक नेता लॉबिंग जारी रखेंगे।
टिकट की दौड़ में आगे एक नेता ने तो डमी उम्मीदवारों का परचा भी बना लिया है। ताकि, उन्हें नामांकन में केवल हस्ताक्षर कर और तिथि डालनी बाकी रहे।
चंडीगढ़ लोकसभा से पार्टी प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता हरमोहन धवन और पूर्व सांसद सत्यपाल जैन के अलावा छह और लोगों ने पार्टी से टिकट मांगा है।
टिकट के लिए मुख्य मुकाबला संजय टंडन, हरमोहन धवन और सत्यपाल जैन में है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने इन नेताओं में से एक को चुना है।
इससे पार्टी के नेताओं में अटकलें तेज हो गई हैं कि इन नेताओं से आरएसएस की पहली पसंद कौन है।
चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा प्रभारी आरती मेहरा ने बताया कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के सामने बात होगी। वे अपनी रिपोर्ट रखेंगी।
रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं जा सकती। 22 फरवरी के बाद पार्टी के उम्मीदवार तय होने के बाद नाम की घोषणा होने की उम्मीद है।