विभिन्न योजनाओं व भावांतर योजना के लिए हरियाणा सरकार ने जारी की राशि
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। किसान आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री ने किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत 466 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी व प्रोत्साहन राशि जारी की है। भावांतर भरपाई योजना-बाजरा के तहत 2.50 लाख किसानों के खातों में 177.84 करोड़ की प्रोत्साहन राशि भेजी गई है। मेरा पानी-मेरी विरासत योजना के तहत 19,528 किसानों के खातों में 25.10 करोड़ की प्रोत्साहन राशि जारी की। धान की सीधी बिजाई योजना के तहत 6,621 किसानों के खाते में 24.42 करोड़ की राशि दी गई। प्राकृतिक खेती योजना के तहत 2,679 किसानों के खातों में 1. 20 करोड़ की राशि भेजी गई। पराली प्रबंधन के लिए ने 11,007 किसानों के खातों में 120 करोड़ राशि भेजी। पराली की गांठे बनाने के संबंध में 1. 36 लाख किसानों के खातों में 117.74 करोड़ की प्रोत्साहन राशि डाली गई।
गर्भवती महिलाएं ले सकेंगी 5000 रुपये का मातृत्व लाभ
गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताएं अब मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना पोर्टल के माध्यम से पांच हजार रुपये की मातृत्व लाभ राशि प्राप्त कर पाएंगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के जरिए 8 मार्च, 2022 या उसके बाद जन्म लेने वाले बच्चों की माताएं आवेदन कर सकेंगी। सीएम ने नगरपालिका शहरी निर्मित प्लान -सुधार नीति 2023 पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल पर अब आवेदक नगरपालिका की सीमा के मुख्य क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले आवासीय भूखंडों को कुछ शुल्क का भुगतान कर व्यावसायिक उपयोग में बदल सकेंगे।
पंचायत कार्यों के लिए श्रम दर में बढ़ोतरी की
मुख्यमंत्री ने पंचायत कार्यों के लिए श्रम दर में भी बढ़ोतरी की घोषणा की। नए रेट के मुताबिक 60 एमएम मोटे इंटर लॉकिंग पेवर ब्लॉक का 645, 80 एमएम मोटे इंटर लॉकिंग पेवर ब्लॉक का मूल्य 733, 100 एमएम मोटे इंटर लॉकिंग पेवर ब्लॉक का मूल्य 766 से बढ़ाकर 819, ईंट की दीवार के खुरदरे हिस्से पर 15 मिमीसी में प्लास्टर का रेट 115 से बढ़ाकर 156, 7.5 की सामान्य पक्की ईंटों के साथ ईंट का काम 4436 रुपये से बढ़ाकर 5026 करने और आरसीसी कार्य के लिए स्टील सुदृढीकरण का कार्य 68 से बढ़ाकर 74 रुपये करने का फैसला किया गया।