पुण्य का काम करने की इच्छा रखते हैं, तो घर में बचा हुआ खाना मंदिर तक पहुंचा दिया। यह खाना भूखे लोगों को परोसा जाएगा। रोटरी चंडीगढ़ शिवालिक (आरसीएस) ने सेक्टर-40 चंडीगढ़ स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर के सहयोग से मंदिर परिसर में ‘सबसे बड़ा पुण्य’ नामक अभियान की शुरुआत की गई। सेकेंड इनिंग एसोसिएशन के सह संस्थापक आरके गर्ग इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य मेहमान मौजूद रहे। उन्होंने इस कार्य की प्रशंसा की।
आरसीएस के अध्यक्ष डॉक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि कि रोटरी विश्व भर में करीब 35000 क्लब के माध्यम से करोड़ों लोगों को आपस में जोड़ती है और इसी कड़ी में आरसीएस का उद्देश्य सदस्यों के संयुक्त प्रयासों से सामाजिक उत्थान को बढ़ावा देना है। अभियान की जानकारी देते हुए अनीश भनोट ने बताया कि घरों, पार्टियों, क्लबों, शादियों या किसी भी कार्यक्रम के दौरान बचे हुए खाने को इस्तेमाल में लाया जाएगा, ताकि भूखे लोगों का पेट भरा जा सके।
उन्होंने कहा कि भूखे को खाना खिलाना सबसे बड़ा पुण्य है। इसके लिए मंदिर परिसर में एक फ्रिज और माइक्रोवेव ओवन को स्थापित किया गया है। बचे हुए शाकाहारी भोजन को यहां लाकर रखा जा सकता है, जिसे प्रबंधक निशुल्क वितरित करेंगे। श्री राधा कृष्ण मंदिर के अध्यक्ष बीपी अरोड़ा ने बताया कि कोई भी व्यक्ति मंदिर में खाना लेकर आ सकता है। खाना गर्म कर के सुबह 11 से 12 बजे के बीच, और रात को 7 से 8 बजे के बीच परोसा जाएगा।
स्वच्छता नियंत्रित करने के लिए हर दो दिन बाद फ्रिज साफ किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे इस अभियान से जुड़ कर इसे सफल बनाएं। आरसीएस का उद्देश्य इस वर्ष के अंत तक ट्राइसिटी के 40 मंदिरों में इस अभियान की शुरूआत करना है।