बड़े आलीशान घरों में घुसकर करोड़ों की चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, फिर भी वह पकड़ से बाहर है। चंडीगढ़ पुलिस को अभी उसके ठीक होने का इंतजार है। यूटी पुलिस का कहना है कि तीन से चार दिनों में आरोपी रवि पुजारी को वह प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी। पुलिस के पास वह सीसीटीवी फुटेज है, जिसमें वह चोरी करते हुए कैद है।
पंचकूला पुलिस ने पिछले रविवार को रवि पुजारी को पिंजौर से एक चोरी के मामले में पकड़ा था। जिसे वीरवार को यूटी पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाने वाली थी। लेकिन उसे अस्पताल से छुट्टी नहीं मिली है। गिरफ्तारी के समय जब पुलिस आरोपी रवि को पीसीआर में बैठा रही थी तो उसने खुदकुशी करने की कोशिश की और अपना सिर जिप्सी के शीशे पर दे मारा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। तब से लेकर अभी तक उसका पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यूटी पुलिस पूरी तरह से आश्वस्त है कि ये वही आरोपी है जिसने सेक्टर 36 और 19 में करीब 95 लाख रुपये की चोरियां की थी। ये दोनों मामले इस समय शहर की क्राइम ब्रांच के पास हैं। क्राइम ब्रांच के डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि रवि पुजारी ने ही दोनों बड़ी चोरियों को अंजाम दिया था।
बेखौफ होकर करता था चोरी
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आया है कि आरोपी पुलिस प्रशासन को एक तरह से चैलेंज करता है और बड़े अमीरों के घरों को ही निशाना बनाता था। साथ ही इस बात से भी परवाह नहीं करता था कि चोरी के वक्त घर खाली है या घर में कोई है। सेक्टर 36 और 19 में जिस समय चोरियां हुई दोनों घर में घरवाले थे। आरोपी इतना बेखौफ था कि जिस समय वह चोरी करने के लिए घर में घुसता था तो अपनी सही पहचान बताता था। पुलिस का कहना है कि रवि पुजारी पिंजौर के सूरजपुर में एक छोटे मंदिर का पुजारी था और वहीं पर रहकर मंदिर की देखभाल करता था।