चंडीगढ़। गणतंत्र दिवस पर पंजाब राजभवन और सेक्टर-17 में होने वाले समारोह को लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान समारोह स्थल के पास के रास्तों को आम लोगों के लिए बंद रखा जाएगा। यहां पर रूट डायवर्ट किए गए हैं।सेक्टर-5/6/7/8 के गोल चक्कर से लेकर चंडीगढ़ गोल्फ क्लब के पास विज्ञान पथ और सुखना पथ के टी-पॉइंट तक पंजाब राजभवन के सामने सड़क पर आवाजाही आपातकालीन वाहनों को छोड़कर आम जनता के लिए प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध दोपहर दो बजे से लेकर समारोह समाप्त होने तक रहेगा। एट होम में आमंत्रित लोग विज्ञान पथ पर सेक्टर -5/6/7/8 चौक से पंजाब राज भवन की तरफ निकलें क्योंकि पंजाब राज भवन के सामने एकतरफा यातायात प्रणाली लागू की रहेगी। वाहनों की विंडस्क्रीन पर अधिकृत पार्किंग लेबल को साफ तौर पर लगाकर रखें।
पुलिस ने चंडीगढ़ गोल्फ क्लब के सदस्यों से अनुरोध किया कि वे 26 जनवरी को दोपहर दो बजे से समारोह समाप्त होने तक क्लब में आने और छोड़ने के लिए एसजीजीएस कालेज की ओर से सुखना पथ रोड का उपयोग करें।
सेक्टर-17 परेड ग्राउंड के आसपास ये सड़क रहेंगी बंद
- उद्योग पथ पर सेक्टर 16/17/22/23 के गोल चक्कर से गुरदयाल सिंह पेट्रोल पंप, सेक्टर 22-ए तक।
- ओल्ड डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, सेक्टर 17 से परेड ग्राउंड, सेक्टर 17 के पीछे शिवालिक होटल तक।
- एमसी आफिस सेक्टर-17 के पास ल्योन रेस्तरां लाइट पॉइंट से परेड ग्राउंड तक।
- सेक्टर 22/23 लाइट पॉइंट से सेक्टर 16/17-22/23 के गोल चक्कर तक।
- सेक्टर 16/23 के छोटे चौक से सेक्टर 16/17- 22/23 के गोल चक्कर तक।
पार्किंग के लिए ये जगह निर्धारित
- सेक्टर 22-बी का पार्किंग क्षेत्र
- सर्कस ग्राउंड, सेक्टर 17
- सेक्टर 17, नीलम सिनेमा के निकट पार्किंग क्षेत्र
- मल्टी स्टोरी पार्किंग, सेक्टर 17
सुरक्षा सलाह
- परेड ग्राउंड सेक्टर-17 में सुबह 9:15 बजे तक बैठ जाएं।
- विशेष उपस्थित लोग चंडीगढ़ के सेक्टर-22 की ओर से गेट नंबर 4, 6 और 7 से परेड ग्राउंड में प्रवेश करें।
- आम जनता से अनुरोध है कि वे आईएसबीटी सेक्टर-17 के सामने गेट नंबर 8, 9 और 10 से परेड ग्राउंड में प्रवेश करें।
- सभी उपस्थित लोगों से एक मूल फोटो पहचान पत्र साथ रखने का अनुरोध है।
- बैग, माचिस, चाकू, सिगरेट, हथियार, शराब, ज्वलनशील वस्तुएं, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, काला झंडा, बैनर/पोस्टर आदि लेकर न आएं।