चंडीगढ़। नगर निगम की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स न भरे जाने वालों के खिलाफ मेगा सीलिंग ड्राइव चलाए जाने के सार्थक नतीजे सामने आए हैं। डिफॉल्टरों ने प्रॉपर्टी टैक्स भरना शुरू कर दिया है। डिफॉल्टरों ने पांच लाख 75 हजार बकाया राशि जमा कर दी।
नगर निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा ने पिछले सप्ताह अधिकारियों को निर्देश दिया था कि प्रॉपर्टी टैक्स न जमा कराने वाले डिफॉल्टरों के खिलाफ कड़ा एक्शन लें। इसके तहत अधिकारियों ने मेगा सीलिंग ड्राइव चलाई। कई प्रॉपर्टी को सील भी किया जिन्होंने प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराया था और इनके लंबे समय से बकाया था। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित प्लाट नंबर- 443 के प्रॉपर्टी मालिक ने तीन लाख 58 हजार रुपये और फेज-2 के प्लाट नंबर-448 के मालिक ने 16 हजार 787 रुपये बकाया जमा करवाया है। इनके अलावा अन्य ने भी अपना बकाया भरा है। नगर निगम आयुक्त ने कहा कि यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि डिफाल्टरों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटने के लिए पत्र लिखा है। बकाया राशि जमा नहीं कराने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।