पिछले साढ़े चार वर्षों में पंचकूला में रिकार्ड तोड़ विकास हुए। आज 70-80 प्रतिशत सड़कों का कायाकल्प हो चुका है, जबकि शेष पर भी काम चल रहा है।
विभिन्न विकास कार्यों पर पिछले साढ़े चार सालों में साढ़े तीन सौ करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की तर्ज पर प्लानिंग बोर्ड बनाने की भी कवायद की जा रही है, ताकि अपराध, लावारिस पशुओं, परिवहन सहित अन्य समस्याओं का समाधान किया जा सके।
सेक्टर-12 ए स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान स्थानीय विधायक डीके बंसल ने ये दावे किए। उन्होंने जिला वासियों को नववर्ष की बधाई भी दी।
उन्होंने कहा कि कुछ कुछ अधिकारी अपनी जिम्मेवारी से भाग रहे हैं, यदि वे पूरा सहयोग देते तो पंचकूला में और अधिक विकास कार्य होता।
हुडा के अधिकारियों को एनओसी के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है और इसके मिलते ही इन गांवों व कालोनियों में भी कई सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
विश्वविद्यालय बनवाने की कोशिश जारी
विधायक ने कहा कि पंचकूला में विश्वविद्यालय बनाने के लिए भी लगातार कोशिशें जारी हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री से भी बातचीत की जा रही है।
बरवाला में छह सौ एकड़ जमीन का चयन भी इसी लिहाज से किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पंचकूला के डिवाइडरों पर तीन करोड़ रुपये की लागत से लाइटों की व्यवस्था करवाई जा चुकी है।
इसके साथ ही 50 करोड़ रुपये की राशि के विकास कार्य पाइपलाईन में हैं, जबकि 30 करोड़ रुपये से काम चल रहे हैं।