हरियाणा विधानसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आने से पहले गठबंधन सहयोगी जननायक जनता पार्टी (जजपा) के विधायक देवेंद्र बबली ने बड़ा बयान दिया है। जजपा विधायक देवेंद्र बबली ने गठबंधन को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही के बाद कहा कि जजपा को गठबंधन तोड़ देना चाहिए।
हालात ऐसे हैं कि गांवों में उन्हें घुसने नहीं दिया जा रहा। डिप्टी सीएम उचाना व सीएम जींद में रैली या जनसभा करके देख लें। अगर गांवों में जाना है तो सिर पर हेलमेट व अंतर्वस्त्र सहित सभी कपड़े लोहे के पहनकर जाना होगा। जजपा विधायक जोगी राम सिहाग ने कहा कि वह किसानों के मुद्दे पर इस्तीफा देने को आज भी तैयार हैं।
देवेंद्र बबली ने आगे कहा कि अगर अकेले मेरे वोट के साथ सरकार गिर जाती है तो मैं इसे आज ही करूंगा। क्या संदेश जाएगा? पूरी पार्टी को एक स्टैंड लेना चाहिए।
दीपेंद्र हुड्डा ने साझा किया वीडियो
हरियाणा से राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने देवेंद्र बबली का वीडियो साझा किया है। उन्होंने लिखा- जनता हमसे नाखुश है, हमारा सरकार में बैठने का कोई अधिकार नहीं है, हम सभा नहीं कर सकते, जनता के बीच जाने के लिए हमें लोहे के हेलमेट बनवाने होंगे।'' विधायक बबली
ये जनप्रतिनिधि की पीड़ा नहीं, किसान आंदोलन की नैतिक जीत बोल रही है। कल सरकार गिरेगी जरूर या तो सदन में या तो जनता की नजरों में।