हरियाणा भाजपा के संगठन में प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने फेरबदल कर भविष्य के चेहरों पर दांव लगाया है। इस कड़ी में महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुमित्रा चौहान को हटाकर सुनीता दांगी को महिला मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी है। सुमित्रा चौहान कांग्रेस की पृष्ठभूमि से आईं थीं और सुभाष बराला के समय में महिला मोर्चा की अध्यक्ष बनीं थीं। इसके अलावा धनखड़ ने तीन जिला अध्यक्ष भी बदले हैं।
पटौदी विधायक सत्य प्रकाश जरावता को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा प्रदेश सचिव का दायित्व ईश्वर पलाका रादौर, और रेनू डाबला रोहतक को दिया गया है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में रेवाड़ी से हुकमचंद यादव, करनाल से भगवान दास कबीर पंथी, रोहतक से अजय बंसल, नारनौल से राकेश शर्मा और सोनीपत से सुमित्रा चौहान को नियुक्त किया गया है।
मुकेश गौड़ को रेवाड़ी, धर्मबीर मिर्जापुर को जींद, जवाहर सैनी को सोनीपत और संदीप जोशी को पानीपत का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा प्रीतम चौहान को रेवाड़ी, दयाराम यादव को महेंद्रगढ़ और रणबीर ढाका को रोहतक का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपनी नियुक्ति पर प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार जताया है।