पठानकोट में गणतंत्र दिवस समारोह में कैबिनेट मंत्री शाम सुंदर अरोड़ा तिरंगा फहराएंगे। वहीं जिला शिक्षा विभाग ने गणतंत्र दिवस समारोह पर स्कूलों में दीपमाला करवाए जाने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही निर्देश जारी कर समस्त स्कूलों को कहा गया है कि 50 फीसदी स्टाफ ही समारोह स्थल पर पहुंचे। इसके अतिरिक्त शेष स्टाफ दफ्तरों में उपस्थित होकर गणतंत्र दिवस मनाए।
जालंधर में एक हजार पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
जालंधर के गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में जिलास्तर पर मनाए जा रहे 72वें गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने शहर में निगरानी के लिए एक हजार पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
सुरक्षा प्रबंधों पर नजर रखने के लिए पुलिस की गश्ती पार्टियों का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों को शहर में रात के समय भी विशेष चेकिंग करने के निर्देश जारी किए गए हैं। स्टेडियम में हर स्थिति पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। फायर फाइटिंग और मेडिकल टीमें तैनात करने के अलावा स्टेडियम के आसपास बम निरोधक दस्ता चेकिंग कर रहा है।