मोहाली। शहर के बूथ और बेशॉप मालिकों ने दुकानों में जगह की कमी और बढ़ते खर्चों को देखते हुए ऊपरी मंजिल बनाने की अनुमति की मांग उठाई है। इसी सिलसिले में बूथ और बेशॉप एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल संस्था के प्रधान सरबजीत सिंह प्रिंस की अगुवाई में विधायक कुलवंत सिंह से मिला। एसोसिएशन का कहना है कि गमाडा की ओर से बूथों और बेशॉप को लेकर नई पॉलिसी तैयार की जा रही है। दुकानदारों से सुझाव मांगे गए थे। मोहाली के करीब 50 दुकानदारों ने लिखित रूप से गमाडा को सुझाव दिया है कि दुकानों की ऊपरी मंजिल बनाने की इजाजत दी जाए। इससे दुकानदारों को कारोबार बढ़ाने में मदद मिलेगी और गमाडा को फीस के तौर पर राजस्व भी मिलेगा। प्रधान सरबजीत सिंह प्रिंस ने कहा कि आज की जरूरत को देखते हुए मौजूदा जगह बहुत कम पड़ रही है। ऊपरी मंजिल बनाने की इजाजत मिलती है तो छोटे दुकानदार भी कारोबार का विस्तार कर सकेंगे। विधायक कुलवंत सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह इस मामले को सरकार तक पहुंचाएंगे और जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करवाई जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में व्यापार मंडल के सीनियर मीत प्रधान अकबिंदर सिंह गोसल, एमपीसीए के पूर्व प्रधान डीएस बेनीपाल, फेज-7 बूथ मार्केट प्रधान हरलीन सिंह सेठी, राजीव टंडन, अशोक नारंग और विकास कुमार शामिल रहे।