चंडीगढ़। विदेश भेजने के नाम पर करीब साढ़े 6 करोड की ठगी के दो आरोपियों को अदालत में पेशकर पुलिस ने दोबारा दो दिन का रिमांड लिया है। आरोपियों की करीब 90 लाख रुपये की लग्जरी ऑडी क्यू-5 और डिजायर गाड़ी जब्त करने के साथ करोड़ों की प्रॉपर्टी और फ्लैट्स को अटैच करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस की आरोपियों से पूछताछ जारी है।
जानकारी के मुताबिक विकास शर्मा व अमित अरोड़ा ने सेक्टर-17 में माई इमीग्रेशन सॉल्यूशन के नाम से अलग-अलग ऑफिस खोले थे। बीते जुलाई महीने में इनके खिलाफ हिसार के गांव भकना निवासी कुलदीप की शिकायत पर सेक्टर-17 थाने में केस दर्ज किया गया था। विकास शर्मा और अमित अरोड़ा ने वीजा लगवाने के नाम पर 8.76 लाख की धोखाधड़ी की है। वहीं, बठिंडा की महिला की शिकायत पर भी सेक्टर-17 थाने में केस दर्ज किया था। महिला का आरोप था कि विकास शर्मा और अमित अरोड़ा ने 14.58 लाख रुपये ले लिए, लेकिन वीजा नहीं लगवाया। इन दोनों आरोपियों पर 50 से अधिक लोगों से वर्क वीजा और एजुकेशन वीजा लगवाने के नाम पर करीब साढ़े 6 करोड़ ठगने का आरोप है।
अचानक एक के बाद एक कई मामले सामने आने पर दोनों चंडीगढ़ छोड़कर फरार हो गए थे। ये पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में रह रहे थे। बीते दिनों पुलिस ने दिल्ली में छापेमारी कर इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। रिमांड के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि ठगी के रुपयों से फ्लैट खरीदने के अलावा कुछ पैसे प्रॉपर्टी में निवेश किए हैं। सेक्टर-17 थाना एसएचओ सरिता राय का कहना है कि फ्लैट व प्राॅपटी की पहचान कर अटैच करने की प्रक्रिया चल रही है।