चंडीगढ़। कोरोना वायरस संकट के बीच भारतीय स्टेट बैंक ने अपने ग्राहकों को राहत दी है। एसबीआई ने टर्म लोन की ईएमआई में तीन महीने की छूट देने की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त बैंक ने अपनी ओर से पहल करते हुए जून-जुलाई और अगस्त महीने की मासिक किस्तों के भुगतान संबंधी एसआई/नेशनल ऑटोमेटिक क्लीयरिंग हाउस के मेनडेट को रद्द करने के लिए सभी पात्र ऋण ग्राहकों से संपर्क किया है। इसके लिए बैंक ने ईएमआई जमा करने की समय सीमा बढ़ाने की प्रक्रिया को आसान बनाते हुए लगभग 85 लाख पात्र ऋणियों को उनकी ईएमआई भुगतान रोकने हेतु एक एसएमएस भेजा है। ऐसे ऋणियों को जो अपनी ईएमआई का भुगतान स्थगित करना चाहते हैं, बैंक द्वारा भेजे गए एसएमएस के मिलने के 5 दिन के अंदर बैंक को वर्चुअल मोबाइल नंबर पर अपने 'हां' की सूचना देनी होगी। ऋण के किस्तों में भुगतान में बढ़ाई गई इस अवधि से कोरोना वायरस संकट के बीच कर्जदारों को कुछ राहत अवश्य मिलेगी।