चंडीगढ़। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच-32) की ओपीडी 11 माह बाद खुली। दिनभर 711 मरीजों को देखा गया। नए मरीज भी आए। बारी-बारी से चिकित्सकों ने सभी को देखा और दवाएं दीं। पहले दिन अधिक भीड़ नहीं रही। चंडीगढ़ के मरीजों की संख्या इसमें सर्वाधिक रही। मंगलवार को ओपीडी खुलने से मरीजों को राहत मिली।
मार्च 2020 में कोरोना के चलते जीएमसीएच-32 की ओपीडी बंद कर दी गई थी। उसके बाद मेडिकल कॉलेज की ओर से टेलीफोन के जरिए स्वास्थ्य सुविधा दी जाने लगी। अब कोरोना से हालात ठीक होने लगे तो कॉलेज प्रशासन ने ओपीडी खोलने का निर्णय लिया। आखिर में मंगलवार को ओपीडी खुली। सुबह से ही मरीज आने लगे थे। पहले उन्होंने पंजीकरण करवाया और उसके बाद संबंधित चिकित्सकों के पास गए। शारीरिक रूप से मरीजों को देखा गया। पहले दिन नए मरीजों की संख्या 268 रही। मरीज दवा लेकर प्रसन्न नजर आए, क्योंकि टेलीफोन के जरिए उनका इलाज पूरी तरह से नहीं हो पा रहा था।
चंडीगढ़ के अलावा बाहर के मरीज भी पहुंचे
हिमाचल प्रदेश, हरियाणा के कई मरीज पीजीआई में अपने इलाज के लिए पहुंचे थे, लेकिन ओपीडी अभी नहीं खुली। किसी ने जानकारी दी कि यहां मेडिकल कॉलेज खुल गया है। यह जानकारी पाकर वे जीएमसीएच-32 पहुंच गए। वहां अपना पंजीकरण करवाकर इलाज शुरू करवाया। इन मरीजों को काफी राहत मिली। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी खुलने की सूचना जैसे-जैसे लोगों में पहुंचती जाएगी, वैसे-वैसे मरीजों की संख्या में भी वृद्धि की संभावना बताई जा रही है। मेडिकल कॉलेज की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि मरीजों को कोई परेशानी न हो और सभी को बारी-बारी से इलाज दिया जाए।