चंडीगढ़। शहर में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई। कुछ ही घंटों में 76.2 एमएम पानी बरसा, जिसकी वजह से कई इलाकों में फिर पानी भर गया। बारिश का असर तापमान पर भी दिखा। कई दिनों से उमसभरी गर्मी से लोगों काे निजात मिली। मौसम विभाग ने शनिवार को भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। सुबह से ही शहर के कई इलाकों में बादल छाए रहे। 10 बजे के करीब बूंदाबांदी शुरू हो गई और थोड़ी देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने बताया कि तेज बारिश का बड़ा कारण पश्चिमी विक्षोभ है। बारिश 12.30 बजे तक जारी रही। इसकी वजह से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। पिकाडली चौक की सड़कें जलमग्न हो गईं और कई पार्किंग में भी जलभराव हो गया। बारिश का असर शहर के तापमान पर भी देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से एक डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा। शनिवार को भी बारिश हो सकती है। बारिश की वजह से शहर के अधिकतम तापमान में वीरवार के मुकाबले चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई। विभाग के अनुसार शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। बता दें कि एक जून से लेकर शुक्रवार शाम 5.30 बजे तक कुल 903.9 एमएम बारिश हुई है। यह इस सीजन में सामान्य से 75 फीसदी ज्यादा बारिश है।
इन जगहों पर भरा पानी
मटका चौक, प्रेस लाइट प्वाइंट (सेक्टर-17/18/9/8), सेक्टर-17/18 डिवाइडिंग रोड, सेक्टर-41 की सड़क, सेक्टर-40 मार्केट की पार्किंग, सेक्टर-20/21 लाइट प्वाइंट, एपी चौक (सेक्टर-7/8/18/19), पोल्ट्री फार्म चौक से ट्रिब्यून चौक, आयरन मार्केट चौक से सेक्टर-29/30 लाइट प्वाइंट, पिकाडली चौक (सेक्टर-21/22/34/35), सेक्टर-38/38 वेस्ट लाइट प्वाइंट और सेक्टर-40/41/54/55 चौक।