चंडीगढ़। प्रदेश सरकार हरियाणा कौशल रोजगार निगम(एचकेआरएन) के माध्यम से 13,500 पदों पर भर्तियां करेगी। इसके लिए अलग-अलग विभागों से निगम के पास मांग पत्र आ चुके हैं। इसके अलावा, निगम ने स्वास्थ्य विभाग, खान एवं भूविज्ञान विभाग, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग और हरियाणा फोरेंसिक लैब से संबंधित 51 नई नौकरी के लिए मसौदे को अंतिम रूप दिया है। यह जानकारी प्रदेश के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने दी। वह सोमवार को यहां एचकेआरएनएल बोर्ड की 7वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्य सचिव ने एचकेआरएन को विभिन्न विभागों की कौशल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए नौकरियों की एक व्यापक सूची तैयार करने के लिए प्रशासनिक सचिवों के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने के निर्देश दिए हैं। बैठक में यह भी बताया गया कि निगम द्वारा जल्द ही सेक्टर-5, एमडीसी, पंचकूला में अपना कार्यालय भवन भी बनाया जाएगा। निगम विदेश मंत्रालय के अधीन प्रवासी संरक्षक से भर्ती एजेंट लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया में है, जो उसे अपने स्तर पर विदेश में नौकरी के इच्छुक युवाओं को नियुक्त करने में सक्षम बनाएगा। निगम ने एनएसडीसी के माध्यम से विदेश में नियुक्ति के लिए 228 नौकरी चाहने वालों का चयन किया है। भावी जरूरतों को देखते हुए, एचकेआरएन ने निजी क्षेत्र और विदेशी बाजारों में भविष्य की मैनपावर की जरूरतों को समझने की योजना बनाई है। उम्मीदवारों को हरियाणा कौशल विकास मिशन और श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण के माध्यम से जरूरी कौशल से लैस किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि निगम ने विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों, विश्वविद्यालयों आदि में 1.25 लाख कर्मियों को तैनात किया है। इनमें से 36,000 से अधिक अनुसूचित जाति वर्ग से और 34,700 से अधिक पिछड़ा वर्ग से हैं।