चंडीगढ़/पंचूकला। कड़ाके की ठंड की वजह से शुक्रवार को लोगों की कंपकंपी छूट गई। पिछले तीन वर्ष में 2 जनवरी सबसे ठंडा रहा। शुक्रवार को सीजन में दिन का अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि पिछले तीन वर्ष में सबसे कम है। वहीं, शहर में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में छाए बादलों के कारण शुक्रवार को सूरज के दर्शन तक नहीं हुए। चंडीगढ़ में कई जगह सुबह से ही अलाव जला दिए गए थे। मौसम के इस बदलाव के बीच 11 फ्लाइट रद्द कर दी गईं और कई उड़ान लेट रहीं।
पिछले रिकॉर्ड को देखें तो 2 जनवरी आज पिछले तीन से पांच वर्षों में सबसे ठंडे दिनों में शामिल हो गया है। बीते वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2 जनवरी को आमतौर पर ठंड रहती है लेकिन इस बार तापमान में गिरावट ज्यादा महसूस की गई। 2022 से 2024 तक 2 जनवरी को ठंड जरूर रही, लेकिन शुक्रवार का दिन उससे अधिक सर्द दर्ज किया गया। लोग गर्म कपड़ों के साथ टोपी, शॉल आदि का सहारा लेते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और नमी की वजह से सुबह के समय कोहरा छाया रहा और विजिबिलिटी कम हुई। आने वाले कुछ दिनों तक सुबह-शाम इसी तरह की ठंड बने रहने की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और बुजुर्गों व बच्चों को ठंड से बचाव रखें।
अभी ठंड और बढ़ने के असार
अभी ठंड और बढ़ने के आसार हैं। ठंडे दिन और बढ़ेंगे और दिन और रात के तापमान का अंतर घटेगा। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अभी बारिश के कोई आसार नहीं बन रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार धुंध के बढ़ने के आसार हैं।
15 किलोमीटर की रफ्तार से चली हवा
शुक्रवार को सुबह 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। हवा चलने और हल्की बारिश के बाद शहर का एक्यूआई 232 दर्ज किया गया है।
मौसम का पूर्वानुमान
03 जनवरी 8 14
04 जनवरी 7 14
05 जनवरी 7 16
06 जनवरी 8 16
07 जनवरी 6 17
पिछले तीन साल तापमान
वर्ष 2025
02 जनवरी 13.2 8.6
वर्ष 2024
02 जनवरी 14.8 9,00
वर्ष 2023
02 जनवरी 14.2 6.5
कोट्स
अब दिन और रात के तापमान में अंतर धीरे-धीरे घटना शुरू हो गया है। इसी वजह से आगे और ठंड रहेगी। वहीं, धूप खिलने के आसार भी कम ही हैं। फिलहाल चंडीगढ़ में बारिश के आसार कम नजर आ रहे हैं। -सुरिंदर पाल, निदेशक, मौसम विभाग, चंडीगढ़