चंडीगढ़। कोरोना से रविवार को जहां एक और मरीज की मौत हो गई, वहीं एक दिन में रिकॉर्ड 449 नए संक्रमितों के मिलने से हड़कंप मच गया। यह एक दिन में मिले संक्रमितों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। वहीं, रविवार को 306 लोगों को ठीक होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। शहर में अब तक कोरोना से 90 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, कोरोना पीड़ितों की संख्या 7991 पर पहुंच गई है।
शहर में कोरोना से जिस व्यक्ति की मौत हुई, उनकी पहचान सेक्टर-47 निवासी 56 वर्षीय व्यक्ति के रूप में हुई है। वह पहले से भी किसी बीमारी से पीड़ित थे। वहीं, पॉजिटिव केस सेक्टर चार, पांच, सात, आठ, नौ, 10, 11, 14, 15, 17, 18,19, 20, 21 में आए हैं। इनके अलावा सेक्टर 22 से लेकर सेक्टर 56 तक कई मरीज कोरोना की चपेट में आ गए हैं। बहनाला, बापूधाम, बुड़ैल, दड़वउ, डड्डूमाजरा, धनास, हल्लोमाजरा, इंडस्ट्रियल एरिया फेज एक, कजहेड़ी, खुड्डा जस्सू, खुड्डा लाहौरा, मलोया, मनीमाजरा, मौलीजागरां, पीजीआई कैंपस, रामदरबार, रायपुर खुर्द में भी तमाम लोग कोरोना के शिकार हुए हैं।