चंडीगढ़। कोरोना काल में जब प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग संक्रमण को रोकने की कोशिशों में जुटे हुए हैं, वहीं जीएमएसएच-16 में स्वास्थ्य अधिकारियों के ऑफिस शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही है। जीएमएसएच में डायरेक्टर हेल्थ से लेकर सभी स्वास्थ्य अधिकारियों के ऑफिस न्यू ओपीडी बिल्डिंग में शिफ्ट किए जा रहे हैं।
इससे अस्पताल के कर्मचारी काफी आश्चर्य में हैं। कर्मचारियों का कहना है कि नई बिल्डिंग में काफी पहले डायरेक्टर हेल्थ, अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट समेत अन्य संबंधित अधिकारियों के चेंबर और ऑफिस बनाए जा चुके थे लेकिन वहां कोई शिफ्ट ही नहीं होना चाह रहा था। सूत्रों का कहना है कि किसी अधिकारी ने इसकी शिकायत गवर्नर से कर दी है। इस पर गवर्नर ने अब तक ऑफिस शिफ्ट न होने का कारण पूछ लिया। इसके बाद आला अधिकारियों ने आनन-फानन में अपने-अपने ऑफिस नए भवन में शिफ्ट करवाना शुरू कर दिया है। इस दौरान अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक शिफ्टिंग में संक्रमण के खतरे से डरे हुए हैं।