फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: रविबीर सिंह की धमाकेदार जीत, चौथी बार मिली गोल्फ क्लब की सरदारी

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। चंडीगढ़ गोल्फ क्लब के चुनाव रविवार को संपन्न हुए साथ ही देर शाम अध्यक्ष पद के नतीजे भी घोषित कर दिए गए। यह पहली बार है जब मतदान के दिन ही अध्यक्ष पद के नतीजे घोषित किए गए। चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रविबीर सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी बीएस गिल को 401 वोटों से हराकर धमाकेदार जीत हासिल की। रविबीर सिंह चौथी बार चंडीगढ़ गोल्फ क्लब के प्रधान चुने गए हैं। रविबीर सिंह की जीत की घोषणा के साथ क्लब में शैंपेन की बोलतें खुल गईं और जमकर जश्न मनाया गया।
विज्ञापन

गोल्फ क्लब के चुनाव में अध्यक्ष पद पर बीएस गिल (गिली) और रविबीर सिंह आमने-सामने थे। रविबीर सिंह को कुल 790 वोट पड़े जबकि बीएस गिल को कुल 389 वोट मिले। चुनाव में कुल 1183 मतदाताओं ने वोट डाले। इनमें से चार वोट अयोग्य करार दिए गए। जैसे ही रविबीर की प्रधान पद के लिए घोषणा हुई तो विजेता टीम के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। क्लब के सभी सदस्य नए प्रधान को गले लगाकर उन्हें बधाई देने लगे। नवनिर्वाचित प्रधान रविबीर सिंह के फोन की घंटी लगातार बजती जा रही और वह फोन उठाकर बधाई देने वालों का शुक्रिया अदा करते रहे। उधर, बीएस गिल के समर्थकों के चेहरे मायूस नजर आए।
रविवार को सुबह से ही मौसम साफ था और धूप निकली हुई थी। इसके चलते सुबह से ही बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य वोट डालने के लिए क्लब पहुंचने लगे थे। सुबह एग्जीक्यूटिव मेंबर्स की मीटिंग के बाद 11 बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान की प्रक्रिया शाम 4.30 बजे तक चली और फिर पांच बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई। शाम 6.15 बजे अध्यक्ष पद के नतीजे घोषित कर दिए गए। बता दें कि गोल्फ क्लब के स्थायी सदस्यों की संख्या 1800 है। इनमें पटियाला राजघराने से महाराजा मालविंद्र सिंह, कैप्टन अमरिंदर सिंह उनकी पत्नी रानी परनीत कौर के अलावा आर्मी के कर्नल, जनरल, लेफ्टिनेंट, व्यवसायी, कॉरपोरेट जगत, राजनेताओं के साथ कई हाई प्रोफाइल हस्तियां शामिल हैं।
विज्ञापन


पहली बार मतदान के दिन ही आए नतीजे
सामान्य तौर पर गोल्फ क्लब के प्रधान पद पर मतदान के बाद अगले दिन नतीजे आते थे लेकिन यह पहली बार है जब मतदान वाले दिन ही शाम को अध्यक्ष पद के नतीजे घोषित कर दिए गए। इससे वोटरों में काफी उत्साह देखा गया और एक ही दिन में नतीजे घोषित होने की वजह से काफी संख्या में सदस्य मौजूद रहे और जीत का जश्न मनाया गया। अध्यक्ष पद के साथ टीम के 11 सदस्यों के लिए भी मतदान रविवार को हुए। टीम के सदस्यों के लिए हुए वोटों की गिनती सुबह सोमवार को होगी और कुछ समय बाद नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

जीव मिल्खा सिंह ने डाला पहला वोट
चंडीगढ़ गोल्फ क्लब चुनाव के लिए हुए चुनाव में पहला वोट डालने के लिए पद्मश्री गोल्फर जीव मिल्खा सिंह पहुंचे। यहां उन्हेंने उपस्थित सदस्यों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और मतदान केंद्र में दाखिल होकर पहला वोट डाला। इसके बाद गोल्फर और अर्जुन अवॉर्डी हरमती काहलों, चंडीगढ़ के पूर्व डीसी ब्रिजेंद्र सिंह, चंडीगढ़ सांसद किरण खेर की बहन अर्जुन अवॉर्डी और बैडमिंटन खिलाड़ी कंवल ठाकर, कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा, प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के सीईओ उत्तम मुड़ी, यूटी के पूर्व शिक्षा निदेशक रूबिंदरजीत सिंह बराड़ के साथ कई अन्य हाई प्रोफाइल सदस्य पहुंचे।

पंफलेट हाथों में लेकर खड़े रहे समर्थक
मतदान के दौरान क्लब के सदस्य लाइन बनाकर क्लब परिसर में मतदान केंद्र के बाहर खड़े थे। प्रधान पद के दोनों उम्मीदवार वहां उपस्थित रहे और मतदान डालने आने वाले अपने समर्थकों को हाथ मिलकर उनका स्वागत करते हुए दिखाई दे रहे थे। वहीं, दोनों प्रधान पद के समर्थक क्लब के एंट्री पॉइंट पर अलग-अलग लाइनों में खड़े थे। जहां से वह क्लब के अंदर दाखिल होने वाले क्लब के सदस्यों को अपने-अपने उम्मीदवारों के नामों के पंफलेट थमाते हुए उनके समर्थन में वोट डालने के लिए कहते नजर आए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें