चंडीगढ़। सेक्टर 56 में रह रहे एक युवक की ओर से युवती से शादी करने का झांसा देकर रेप का मामला सामने आया है। इस दौरान युवती आठ महीने की प्रेगनेंट भी हो गई। युवक जब शादी से इंकार करने लगा तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने मलोट निवासी स्वर्णदीप (24) के खिलाफ रेप व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से पंजाब के मुक्तसर की रहने वाली 20 वर्षीय युवती और स्वर्णदीप खरड़ स्थित एक केमिस्ट शॉप में काम करते हैं। इस दौरान दोनों में दोस्ती हो गई। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप किया। जिससे वह आठ महीने की प्रेगनेंट हो गई। युवती ने जब युवक से शादी की बात कही, तो आरोपी शादी से इनकार करने लगा, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।