चंडीगढ़। पीसीए स्टेडियम मोहाली में चल रहे रणजी ट्राफी में पंजाब की पहली पारी के 313 रनों के जवाब में दिल्ली ने शनिवार को दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बना लिए हैं। दिल्ली पंजाब से अभी 118 रन पीछे है। हालांकि, अभी 6 विकेट शेष हैं। दिल्ली की ओर से नीतिश राणा 64 रन बनाकर खेल रहे हैं।
खेल के दूसरे दिन शनिवार को पंजाब ने 8 विकेट के नुकसान पर 266 रनाें से आगे खेलना शुरू किया। पहले दिन के नाबाद बल्लेबाज एपी पांडव और अर्शदीप सिंह मैदान में उतरे, लेकिन अर्शदीप अभी अपने स्कोर में सिर्फ 2 रन ही जोड़े थे कि दिल्ली के गेंदबाज सुबोध भट्टी ने ललित यादव के हाथों कैच आउट करवाकर अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई।
वहीं, दूसरे छोर पर खेल रहे एपी पांडव टीम का स्कोर बढ़ाने में लगे रहे। इसके बाद बलतेज सिंह 11 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। एपी पांडव के 6 चौकों की मदद से नाबाद 44 रनों की पारी से पंजाब 313 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब रहा। वहीं, दिल्ली की ओर से तेजस ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 45 रन देकर 3 विकेट, के बिधूरी ने 62 रन देकर 3 विकेट और सुबोध भट्टी ने 2 विकेट झटके।
दिल्ली की ओर से पारी की शुरुआत करने मैदान पर आए अनुज रावत व कुनाल चंदले की जोड़ी कुछ खास कमाल नहीं कर सकी। पंजाब के तेज गेंदबाज बलतेज सिंह ने अनुज रावत को शून्य रन पर ही आउट कर टीम को पहली सफलता दिलाई। कुनाल चंदले का साथ देने के लिए मैदान में आए कप्तान ध्रुव शौर्य ने टीम को धीमी शुरुआत दिलाई। दोनाें खिलाड़ियों ने टीम का स्कोर 50 रनों के पार पंहुचाया। दिल्ली की खतरनाक दिख रही जोड़ी को पंजाब के गेंदबाज सनवीर सिंह ने कुनाल का विकेट लेकर तोड़ा।
कुनाल ने 5 चौकों की मदद से 31 रन बनाए। कप्तान का साथ देने आए नीतिश राणा ने ध्रुव शौर्य के साथ मिलकर बेहतरीन बल्लेबाजी की और टीम को संकट से उबारा। इन दोनाें बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 122 रनों की साझेदारी की। इस दौरान कप्तान ध्रुव शौर्य को पंजाब के गेंदबाज एपी पांडव ने मार्कंडेय के हाथों कैच करवा कर उनकी पारी का अंत किया।
ध्रुव ने आउट होने से पहले 96 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उन्हाेंने अपनी पारी के दौरान 13 चौके लगाए, लेकिन दूसरे छोर पर नीतिश राणा ने अपना अर्द्धशतक पूरा किया। उनका साथ देने आए सिमरजीत सिंह भी एक रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। नीतिश राणा ने 138 गेंदों का सामना कर 8 चौके की मदद से नाबाद 64 रनों की बेहतरीन पारी खेली। दिन का खेल खत्म होने तक दिल्ली की टीम ने 67.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बना लिए हैं। गेंदबाजी में पंजाब की ओर से बलतेज, सनवीर सिंह, मयंक मार्कंडेय और एपी पांडव ने 1-1 विकेट चटकाए।