सांसद अमर सिंह ने कहा कि पाकिस्तान कभी हमारे सैनिकों के सिर कलम करता है तो कभी धोखे से हथियार व हेरोइन भेजता है। भारत को पाकिस्तान के साथ सारे संबंध तोड़ लेने चाहिए। पाकिस्तान को उसी की भाषा में सबक सिखाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब पाकिस्तान को बता देना चाहिए कि उसकी औकात क्या है। अमर सिंह दिल्ली से आई संसदीय टीम में शामिल थे।
सोमवार को अटारी बार्डर पर बैठक में हिस्सा लेने के बाद अमर सिंह ने कहा कि हमें गर्व है कि हमारी सेना बार्डर पर दिन-रात मुस्तैद है। हमें दुख इस बात का है कि पाकिस्तान के तरफ से धोखे से हमारे सैनिकों के सिर कलम किए जा रहे हैं। यह दोनों देशों के बीच होने वाले अंतरराष्ट्रीय समझौते व संघर्ष विराम का उल्लंघन है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि योगी के राज में कानून व्यवस्था में जमीन-आसमान का फर्क अभी से दिखने लगा है। जिस तरह से उत्तर प्रदेश में शासन चल रहा है, वैसे ही बाकी प्रदेशों में चले तो मैं समझता हूं कि क्राइम का ग्राफ खुद-ब-खुद कम हो जाएगा।