चंडीगढ़ कांग्रेस को नया प्रभारी मिल गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया है। वह हरीश चौधरी का स्थान लेंगे। राजीव शुक्ला फिलहाल हिमाचल प्रदेश के भी प्रभारी हैं। प्रभारी के रूप में हिमाचल प्रदेश में शुक्ला ने पार्टी को बेहतरीन जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
चंडीगढ़ में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बड़ी संख्या में लोग हैं। उनके बहाने कांग्रेस शहर में ब्राह्मणों का वोट भी साध सकती है। कांग्रेस पहले पंजाब के प्रभारी को ही चंडीगढ़ की जिम्मेदारी सौंपती थी मगर इस बार ऐसा नहीं हुआ है।।
अबकी बार पार्टी ने चंडीगढ़ के रूप में राजीव शुक्ला को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। चंडीगढ़ में पिछले दो लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 में कांग्रेस पार्टी की हार हुई थी। अब यह देखना है कि राजीव शुक्ला पार्टी में कितनी जान डाल पाएंगे और कार्यकर्ताओं में किस प्रकार उत्साह भर सकते हैं? उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने राजीव शुक्ला का स्वागत किया है। उन्होंने हरीश चौधरी का भी आभार प्रकट किया है।