अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी सत्संगी बन गए। उन्होंने डेरा ब्यास में रात गुजारी और गद्दीनशीन बाबा गुरिंदर सिंह के साथ डिनर कर लंबी वार्ता की।
इस दौरान बाबा गुरिंदर सिंह से राहुल ने अध्यात्म व डेरे के बारे में बातचीत की और डेरा ब्यास के महाराज सावन सिंह के अलावा बाबा जैमल सिंह के जीवन पर विस्तार से चर्चा की। रात राहुल गांधी ने डेरा ब्यास के गेस्ट हाउस में गुजारी। उनके साथ पूर्व सांसद मोहिंदर सिंह केपी भी थे।
राहुल गांधी के साथ केपी शुक्रवार रात डेरे में ही रुके। सुबह वह पंडाल में आम श्रद्धालुओं की तरह सत्संग सुनने पहुंचे। शनिवार को बाबा गुरिंदर सिंह ने सत्संग तो नहीं किया पर वह स्टेज पर आकर श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए जरूर बैठे। इस दौरान करीब पांच लाख श्रद्धालु पंडाल में मौजूद थे। शनिवार को सत्संग सचिव जेसी सेठी ने किया।