साझे रोड शो के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और यूपी के सीएम अखिलेश यादव की गाड़ी क्या चली, मानो वोटर्स में कांग्रेस की निकल पड़ी। सर्च इंजन पर राहुल और कांग्रेस का ग्राफ रॉकेट की तरह ऊंचाई पर पहुंचा।
नतीजा यह रहा कि दोपहर बाद सोशल मीडिया पर राहुल गांधी अखिलेश के बराबर पॉपुलर दिखे। जहां ट्विटर पर दोनों के साथ को लेकर ट्रोलबाजी हुई वहीं, गूगल पर राहुल अखिलेश को सर्च करने वालों का तांता लग गया। यही नहीं, यूपी में कांग्रेस का सर्चिंग ग्राफ भी ऐसा बढ़ा कि इसने समाजवादी पार्टी की बराबरी कर ली।
गूगल ट्रेंड्स के अनुसार, रविवार दोपहर राहुल और अखिलेश का रोड शो शुरू होने के बाद राहुल गांधी को सर्च करने वालों की संख्या भी बढ़ती चली गई। औसत देखें तो अखिलेश यादव को 100 के स्केल पर 34 लोगों ने और राहुल को तीस लोगों ने सर्च किया। शाम 6.35 बजे राहुल ने सर्च इंजन पर रफ्तार पकड़ी और टॉप पर पहुंच गए।
इस समय राहुल को 100 और अखिलेश को 65 लोगों ने सर्च किया। हालांकि इसके बाद अखिलेश यादव आगे बढ़ते दिखे। शाम 7.10 बजे 100 के स्केल पर अखिलेश के बारे में 49 और राहुल की 29 लोगों ने जानकारी ली।