चंडीगढ़। पुलिस ने शनिवार रात सेक्टर-26 स्थित क्विजो क्लब में छापा मारा और ग्राहकों को हुक्का परोसने के आरोप में एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए कर्मचारी की पहचान पंचकूला सेक्टर 15 निवासी आशीष कुमार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 188 के तहत केस दर्ज किया है।
यूटी पुलिस शहर के क्लबों में आए दिन छापामारी कर ग्राहकों को हुक्का परोसने पर मालिकों व प्रबंधकों को गिरफ्तार कर रही है। इसके बावजूद क्लब में हुक्का परोसना बंद नहीं हो रहा है। सेक्टर-26 थाना प्रभारी नरेंद्र पटियाल की अगुवाई में पुलिस टीम एरिया में गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि सेक्टर-26 स्थित क्विजो क्लब में हुक्का परोसा जा रहा है, जिसके बाद पुलिस ने यहां छापा मारकर ग्राहकों को हुक्का परोसने के आरोप में एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने बाद में जमानत पर छोड़ दिया है।