चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में प्रिंसिपल की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरटीआई कार्यकर्ता डॉ. राजिंदर के सिंगला ने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय अपने ही तय नियमों का पालन नहीं कर रहा। उन्होंने इस मामले में पीयू के कुलाधिपति एवं भारत के उपराष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग की है।
डॉ. सिंगला के अनुसार, जेसी डीएवी कॉलेज, दसूया (होशियारपुर) में प्रिंसिपल पद के लिए 14 जुलाई को साक्षात्कार सेक्टर-36 स्थित एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर विमेन में प्रस्तावित हैं। उनका कहना है कि पीयू ने 13 जून 2024 को जारी निर्देशों में स्पष्ट किया था कि संबद्ध गैर-सरकारी कॉलेजों में प्रिंसिपल और कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) के साक्षात्कार केवल संबंधित कॉलेज परिसर या पीयू के डीसीडीसी भवन में ही होंगे। उनका आरोप है कि तीसरे स्थान पर साक्षात्कार आयोजित करना विश्वविद्यालय के नियमों के विपरीत है और इससे चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता व निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।