पत्रकारों के घायल होने की घटना पर चंडीगढ़ के पत्रकारों ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि कुछ अराजक तत्वों ने इस राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान जानबूझकर मीडिया को निशाना बनाकर पत्थरबाजी की। उधर, कांग्रेस के विधायक परगट सिंह ने इस घटना की निंदा की। परगट सिंह एमएलए होस्टल स्थित हरियाणा सरकार की डिस्पेंसरी में घायल पत्रकार से मिलने भी पहुंचे।
केंद्र के इशारे पर किसानों पर अत्याचार कर रही मनोहर सरकार
बरिंदर ढिल्लों ने अपने मार्च के दौरान कहा कि मनोहर लाल सरकार केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के इशारे पर किसानों पर अत्याचार कर रही है, जबकि आज हर वर्ग किसानों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रवेश न मिलने पर इस समय किसान हरियाणा की सीमा के भीतर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और हरियाणा सरकार को ऐसे समय में किसानों को प्रदर्शन स्थल पर सभी आधारभूत सुविधाएं मुहैया करानी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि अपनी नाकामी छिपाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ बेतुके बयान जारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस पहले भी किसानों के साथ थी और आगे भी किसानों का साथ देती रहेगी।