पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में लड़का-लड़की का भेद मिटाने के लिए छात्र संघ काउंसिल की अध्यक्ष कनुप्रिया ने मोर्चा संभाल लिया है। कैंपस में लड़कियों की सुरक्षा का हवाला देकर उनकी ड्रेस से लेकर उनके हास्टल की एंट्री और बाहर जाने के समय पर पाबंदी नहीं होनी चाहिए। इसी मांग को लेकर सोमवार को पंजाब यूनिवर्सिटी की छात्र संघ काउंसिल अध्यक्ष कनुप्रिया ने वीसी प्रो राज कुमार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पंजाब यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हास्टल को 24 घंटे ओपन रखने की मांग की गई, जिसमें लड़कियां 24 घंटे में कभी भी आ जा सके। हालांकि वर्तमान समय में गर्ल्स हास्टल में एंट्री का समय तय है, जिसके विरोध भी इस ज्ञापन में किया गया। इसके अलावा गर्ल्स हास्टल में छात्राओं से 50 रुपये अनुपस्थिति एवं 100 रुपये लेट आने पर तय फाइन को भी खत्म करने की मांग की गई है।
मानसिकता बदलने की जरूरत: कनुप्रिया
छात्र संघ काउंसिल टीम की अध्यक्ष ने कहा कि कैंपस में हमेशा से लड़कियों को यह कह कर चुप करवा दिया जाता है कि आप बाहर निकलते हुए कपड़े सही ढंग से पहने, सही समय पर हॉस्टल आए, लेकिन क्या लड़कियां खुद की देखभाल नहीं कर सकती। छात्र संघ काउंसिल की ओर से कैंपस की यह मानसिकता को बदलने की कोशिश है।
जहां लड़कियों को कमजोर समझा जाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर को दिए ज्ञापन में उन्होंने 24 घंटे हास्टल ओपन के अलावा कैंपस में गर्ल्स हास्टल के पास भी खराब स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करने एवं हास्टल में अन्य सुविधाएं देने की भी मांग की है।