अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सरकार ने पंजाब राज्य अल्पसंख्यक आयोग का गठन कर दिया है। गृह मामले एवं न्याय विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस आयोग में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के अलावा नौ सदस्यों की नियुक्ति की गई है।
गठित किए गए अल्पसंख्यक आयोग में सबसे ज्यादा भागीदारी ईसाई समुदाय के प्रतिनिधियों की है। इनमें सात ईसाई, तीन मुस्लिम और दो जैन समुदाय से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है। मूल रूप से अमृतसर निवासी जतिंदर मसीह गौरव आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। अमृतसर से ही विजय गिल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष व लुधियाना से संदीप जैन को उपाध्यक्ष बनाया गया है। मालेरकोटला के नदीम अनवर खान व शमशाद अली, राजपुरा के इस्लाम मोहम्मद, गुरदासपुर के शामून, अमृतसर के सैमुअल मसीह गिल, लुधियाना के दर्शन मसीह गिल व राजेश जैन, जलंधर की पूनम भट्टी व जॉन सहोता को आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि 18 अगस्त को सभी पदाधिकारी व सदस्य पद व गोपनीयता की शपथ लेंगे।