चंडीगढ़। एक लाख 96 हजार रुपये का जाली मेडिकल बिल पास करवाने पर सेक्टर-3 थाना पुलिस ने पंजाब पुलिस के सीनियर सिपाही मुनीष कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुनीष विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर की पोस्ट पर तैनात है। पुलिस ने उसे जिला अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने पंजाब पुलिस के सिपाही विरेंदर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज किया था।
गौरतलब है कि बीते 19 मार्च को पंजाब आर्म्ड पुलिस में तैनात सीनियर सिपाही विरेंदर ने शिकायत में बताया था कि उसकी ड्यूटी 25 जनवरी को मेडिकल बिल बनाने की एंट्री करने वाले कंप्यूटर विंग में लगी थी। इस दौरान ऑपरेटर सीनियर सिपाही मुनीष कुमार छुट्टी पर था। मेडिकल बिल की जांच करने पर देखा कि सिपाही सुरेंदर सिंह का एक बिल हस्ताक्षर कर रखा है। उसने तुरंत सुरेंदर से संपर्क कर बिल रखने के बारे में जानकारी मांगी। इसके बाद पता चला कि उसने कोई भी मेडिकल बिल पास नहीं करवाया है। विरेंदर ने जांच कर बताया कि इससे पहले भी सुरेंदर के नाम के एक लाख 96 हजार 56 रुपये के बिल पास हो चुके हैं। इस पर सुरेंदर ने बताया कि सिपाही मुनीष कुमार ने उसके खाते में गलती से पैसे आने की बात बताई थी। इसके बाद चेक के माध्यम से पैसे वापस भी ले लिया था। इस तरह मामले में फर्जीवाड़े का खुलासा होने की जानकारी अधिकारियों को दी गई। विभाग ने अपने स्तर पर जांच करने के बाद आरोपी मुनीष के खिलाफ सेक्टर-3 थाने में एफआईआर दर्ज करवाई।