पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी लुधियाना में मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से विरोधी पार्टियों को एसवाईएल समेत विभिन्न मुद्दों पर एक नवंबर को खुली बहस की दी गई चुनौती के बाद पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने नई शर्त रख दी है। शनिवार को उन्होंने तीन सदस्यीय पैनल बनाने का प्रस्ताव दिया है।
ताकि बहस को सही तरीके से बढ़ाया जा सके। जाखड़ ने सोशल मीडिया पोस्ट में पूर्व सांसद डा. धर्मवीर गांधी, पूर्व विधायक हरविंदर सिंह फूलका और पूर्व विधायक कंवर संधू के नामों का जिक्र किया है। वहीं, उन्होंने लिखा कि मौजूदा मुद्दों के महत्व को देखते हुए और यह सुनिश्चित करने के लिए कि बहस बेतुके रंगमंच में न बदल जाए। उनका कहना है तीन प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों में निस्संदेह ईमानदारी है।
चूंकि पंजाब के हितों के लिए उनकी चिंता सर्वविदित है, इसलिए उन्होंने तीनों की सहमति के बिना भी उनके नाम प्रस्तावित करने की स्वतंत्रता ली है। यदि वे सुझाव से सहमत हैं और राज्य सरकार को कोई आपत्ति नहीं है तो पंजाब से संबंधित मुद्दों पर बहस निश्चित रूप से समृद्ध और मजबूत होगी।
इससे पहले एसवाईएल नहर पर खींचतान के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा, शिअद और कांग्रेस को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि लाइव आकर राज्य के सभी मुद्दों पर चर्चा करें। रोज-रोज के आरोप-प्रत्यारोप के बजाय पंजाब की जनता और मीडिया के सामने एक साथ आएं।
पूर्व विधायक हरविंदर सिंह का कहना है कि वह पंजाब के हर मामले को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुद्दों पर राननीति नहीं होनी चाहिए। बल्कि इन मुद्दों में सभी दलों को बैठकर रणनीति बनानी होगी। ताकि पंजाब को तरक्की की राह पर ले जा सकें। दूसरी तरफ धर्मवीर गांधी ने कहा यह मामला गंभीर है। इस पर सिर्फ ड्रामे नहीं होने चाहिए।