चंडीगढ़।
पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है, जहां हर परिवार को 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। 2 अक्टूबर से राज्यभर में मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना शुरू हो जाएगी। चंडीगढ़ स्थित म्युनिसिपल भवन में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना की शुरुआत की। इस दौरान आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। इस योजना का लाभ उठाने के लिए लोगों को केवल अपना आधार और वोटर कार्ड देकर पंजीकरण कराना होगा। यह पंजीकरण सुविधा केंद्र या नजदीकी अस्पताल में भी हो सकेगा। मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना के तहत यह सुविधा सभी सरकारी और इम्पेनल्ड अस्पतालों में भी मिलेगा। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलवीर सिंह ने इस योजना के बारे में पूरी जानकारी दी।
सीएम मान ने कहा कि राज्य में कई परिवार गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे, लेकिन इलाज महंगा होने के कारण मजबूरी में जीवन बिताते थे। इलाज के लिए लोगों को जमीन या घर बेचना पड़ता था। पिछली सरकारों की कारगुजारी के कारण इस गंभीर मुद्दे पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब नई स्वास्थ्य योजना से जनता को काफी राहत मिलेगी।
अब नीला, पीला नहीं सिर्फ एक ही हेल्थ कार्ड होगा
सीएम मान ने कि नया स्वास्थ्य कार्ड लोगों को बिना किसी औपचारिकता के मुफ्त जारी किया जाएगा और इससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलेगा। अब कोई पीला, नीला नहीं सिर्फ एक ही हेल्थ कार्ड होगा। सरकार राज्य के हर नागरिक को एक समान स्वास्थ्य का अधिकार देगी। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा, चाहे फिर वह बुजुर्ग हो, महिला हो, बच्चे हों या युवा हों। इस दौरान सीएम मान ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा, उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री लोगों से जन्म का प्रमाण मांग रहे हैं, जबकि लोग दशकों से वोट डाल रहे हैं और दूसरी तरफ हमारी सरकार बिना किसी शर्त के स्वास्थ्य कार्ड जारी कर रही है।