एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक होने की जरूरत है। पंजाब में इसका टेस्ट मुफ्त होता है और इलाज भी फ्री किया जाता है। यह बात सेहत एवं परिवार भलाई मंत्री सुरजीत सिंह ज्याणी ने कही। उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करने के लिए समाजसेवी संस्थाएं अहम रोल अदा कर सकती हैं।
वह पंजाब सेहत सिस्टम कॉरपोरेशन के ऑडिटोरियम में एड्स पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सेहतमंत्री ने बताया कि पूरे देश में करीब से बीस लाख अस्सी हजार लोग एचआईवी/एड्स से पीड़ित हैं। जबकि, पंजाब में इनकी संख्या करीब 37 हजार हैं।
अगर लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक किया जाए तो यह ग्राफ नीचे लाया जा सकता है। सेहत मंत्री ने कहा कि राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा क्लीनिक खोले गए हैं। जहां पर लोगों को इससे बचने की सलाह व एचआईवी एड्स की जांच व इलाज मुफ्त किया जाता है।
वहीं, मंत्री ने कहा कि वर्क कल्चर खत्म हो रहा है, जिससे लोगों को कई तरह की बीमारियां लग रही हैं। इससे पहले पंजाब स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी की तरफ से लोगों को एड्स के प्रति जागरूक व इलाज संबंधी मोबाइल वैन व मोबाइल ब्लड डोनेशन वैन शुरू की गई।
इस मौके पर विभाग की प्रमुख सचिव विन्नी महाजन ने बताया कि सेहत विभाग की तरफ से एचआईवी एड्स की जांच व टेस्ट मुफ्त किए जाते हैं। इसका इलाज भी फ्री किया जाता है। सेहत विभाग के सचिव व प्रोजेक्ट डायरेक्टर हुसन लाल ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए मोबाइल वैन शुरू की गई।
मुहिम में 76 समाजसेवी संस्थाओं को भी जोड़ा गया है। समागम में पंजाब स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी की डायरेक्टर मनप्रीत कौर, डायरेक्टर सेहत विभाग डॉ. भागमल, सिविल सर्जन नीलम भारद्वाज, एसडीएम लखमीर सिंह, एसएमओ सिविल अस्पताल मेाहाली डॉ. आदेश कंग और जिला टीवी अफसर डॉ. गुरप्रीत सिंह मौजूद थे।