चंडीगढ़। खराब वित्तीय स्थिति से जूझ रही पंजाब सरकार अब विधायकों के लिए आईटी पार्क में लग्जरी फ्लैट खरीदेगी। सरकार ने आईटी पार्क में बनने जा रहे लग्जरी फ्लैट के दो टावर खरीदने की इच्छा जताई है। सरकार के इस प्रस्ताव को राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर ने मंजूरी दे दी है। वहीं, पंजाब सरकार अपने विधायकों के लिए लग्जरी कारें खरीदने का ऑर्डर पहले ही दे चुकी है।
आईटी पार्क में चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) 28-28 फ्लैट के कई टावर बना रहा है। यह सभी लग्जरी फ्लैट वीआईपी के लिए बनाए जाएंगे। इनमें आईएएस अधिकारी और नेता रहेंगे। आईटी पार्क में हरियाणा सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन भी एक-एक टावर खरीदने की इच्छा जता चुका है। अब पंजाब सरकार की तरफ से भी दो टावर खरीदने का प्रस्ताव चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के पास आया है। विधायकों के लिए खरीदे जा रहे फ्लैट के इस प्रस्ताव को राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर से मंजूरी भी मिल चुकी है। इसके अलावा पंजाब सरकार अधिकारियों के लिए भी एक टावर आईटी पार्क में खरीदेगी, इसका ऐलान सरकार पहले ही कर चुकी है। बुधवार को चंडीगढ़ पीजीआई के डायरेक्टर प्रो. जगतराम भी वीपी सिंह बदनौर से मिले और उन्होंने भी पीजीआई के डॉक्टरों के लिए आईटी पार्क में दो टावर खरीदने की इच्छा जताई है।
60 करोड़ का होगा एक टावर, सभी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी
आईटी पार्क में बनने वाले फ्लैट में सभी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। सीएचबी की तरफ से यह तय किया गया है कि एक टावर में 28 फ्लैट होंगे। इसकी कीमत करीब 60 करोड़ रुपये होगी। अधिकारियों के लिए बनने वाले प्रत्येक फ्लैट में चार बेडरूम और एक सर्वेंट क्वार्टर भी होगा। सीएचबी के अधिकारियों के अनुसार अब पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ सभी फ्लैट खरीदने के लिए राजी हो गए हैं, इसलिए उन्होंने ड्राइंग तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। जैसे ही सरकार की तरफ से पैसा जमा करा दिया जाएगा, वह इनका निर्माण कार्य भी शुरू करवा देंगे।