चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों को अब जल्द ही नए दो हॉस्टल मिलने की उम्मीद है। इसी हफ्ते पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से पीयू को हॉस्टलों के लिए 48.5 करोड़ की ग्रांट जारी की गई थी। इसके बाद अब पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक अधिकारियों को 10 जून को हॉस्टलों के नक्शे के साथ बैठक में बुलाया गया है। बैठक में हॉस्टलों के निर्माण को लेकर चर्चा की जाएगी।
पंजाब यूनिवर्सिटी में हरियाणा के हिस्से को लेकर सोमवार को हुई बैठक में पंजाब सीएम हॉस्टलों के लिए बजट जारी कर गए थे। इसी दौरान उनकी ओर से घोषणा की गई थी कि आगामी लगभग दस दिनों में पीयू के हॉस्टलों का उद्घाटन कर दिया जाएगा। पीयू के स्टूडेंट काउंसिल के अध्यक्ष पद पर सत्र 2022 में पंजाब सरकार (आप) के छात्र संगठन सीवाईएसएस की ओर से जीत दर्ज की गई थी। इस दौरान पंजाब के मंत्री मीत हेयर की ओर से घोषणा की गई थी कि वे जीतने पर हॉस्टलों का निर्माण करवाएंगे, वहीं जीत के बाद भी कई बार पंजाब के मंत्रियों की ओर से हॉस्टलों के लिए बजट जारी करने की घोषणा की गई थी। इसके बाद यूनिवर्सिटी ने दो हॉस्टलों के निर्माण का नक्शा बनवाकर एस्टीमेट बजट तैयार कर पंजाब सरकार के समक्ष पेश किया था।