पीयू पहुंचे पंजाब के शिक्षामंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब की आप सरकार पुरानी पेंशन बहाली पर विचार कर रही है और मुख्यमंत्री के भगवंत मान के निर्देश पर मुख्य सचिव इसकी संभावनाएं तलाश रहे हैं। यह बात उच्च शिक्षा गुरमीत सिंह मीत हेयर ने सोमवार को पीयू में पंजाब यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (पूटा) द्वारा आयोजित एक समारोह के दौरान कही।
मंत्री हेयर ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने छह महीनों के थोड़े समय के अंदर उच्च शिक्षा क्षेत्र में कई कदम उठाए हैं। छह साल से चली आ रही काफी पुरानी मांग को पूरा करते हुए यूनिवर्सिटी-कॉलेजों के अध्यापकों को यूजीसी स्केल दिए गए। पिछले लंबे समय से कॉलेजों में भर्ती न होने के कारण गेस्ट फैकल्टी और पार्ट टाइम लेक्चररों के सहारे ही बहुत से कॉलेज चल रहे हैं। सरकार ने इन अध्यापकों के मेहनताने में भी वृद्धि की है। इसके अलावा इस काडर को छुट्टियां आदि की सुविधाएं दी गईं।
पूटा द्वारा सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल करने संबंधी मांग पर मीत हेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पहले ही राज्य के मुख्य सचिव को पुरानी पेंशन बहाल करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले पूटा ने उच्च शिक्षा मंत्री का सम्मान किया। एसोसिएशन के प्रधान मृत्युंजय कुमार ने मीत हेयर का स्वागत करते हुए राज्य सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया। इस मौके पर विधायक जगदीप गोल्डी कंबोज और नरिंदर सवना, पंजाब यूथ विकास बोर्ड के चेयरमैन गोल्डी खरड़, पूटा द्वारा अमरजीत सिंह नौरा, नवदीप गोयल, रौणकी राम, जतिंदर ग्रोवर, रजत संधीर, दलविंदर सिंह, केशव मल्होत्रा, योगराज अंगरीश, सीनेट मेंबर संदीप कटारिया, शमिंदर संधू, गुरमीत सिंह और पूर्व विद्यार्थी नेता डॉ. भुपिंदर सिंह बाठ उपस्थित थे।