पंजाब में कोरोना महामारी ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को राज्य में 159 नए मरीज आए। इसके साथ ही पंजाब में कोरोना से सक्रिय मरीजों की संख्या 584 हो गई है। गुरुवार को राज्य में 111 नए मरीज आए थे। हालांकि, राहत वाली बात यह है कि बीते 24 घंटे में किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। कोरोना से प्रभावित जिलों में मोहाली सबसे प्रभावित है, जहां शुक्रवार को 177 सैंपलों की जांच के दौरान सबसे अधिक 51 मरीजों की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य विभाग ने राज्यभर में कोरोना की टेस्टिंग भी बढ़ा दी है और शुक्रवार को 4301 सैंपल लिए गए, जिनमें से 3835 की जांच में 159 मरीजों का पता चला। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 12 मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है, जबकि चार गंभीर हैं। इन्हें क्रिटिकल लेवल-3 की सुविधाएं दी गई हैं। जालंधर में 357 सैंपलों की जांच के दौरान 18 नए मरीजों का पता चला।
लुधियाना में 834 सैंपलों की जांच में 15 नए केसों की पुष्टि हुई। फतेहगढ़ साहिब में 10, पटियाला में 9, बठिंडा व अमृतसर में 8-8, बरनाला में 7, फाजिल्का में 6, फिरोजपुर में 5, फरीदकोट, मुक्तसर व कपूरथला में 4-4, मोगा व रोपड़ में 3-3, गुरदासपुर व होशियारपुर में 2-2 नए मरीजों की पुष्टि हुई है।
सरकार ने सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों को खांसी, जुकाम व बुखार के लक्षण वाले सभी मरीजों की कोविड के लिए जांच कराने का निर्देश दिया है। कोविड-19 कंट्रोल के स्टेट प्रोग्राम अधिकारी डॉ. राजेश भास्कर ने कहा कि टेस्टिंग किटों की पंजाब के पास कोई कमी नहीं है। पर्याप्त गिनती में किटें उपलब्ध हैं। जिलों को टेस्टिंग बढ़ाने को कह दिया है। 10 व 11 अप्रैल को मॉक ड्रिल का आयोजन करके कोविड की तैयारियों को यकीनी बनाया जाएगा।