लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस में इस्तीफों का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार को प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुखपाल खैहरा ने पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
वहीं, गुरदासपुर के जिला प्रधान और डेरा बाबा नानक से विधायक सुखजिंदर रंधावा ने भी प्रधान पद से इस्तीफा दे दिया है। सुखपाल खैहरा ने पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भेजे इस्तीफे में लिखा है कि वह चुनाव में पार्टी की खराब कारगुजारी की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रवक्ता पद से इस्तीफा देना चाहते हैं।
खैहरा ने लिखा कि उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निडरता से निभाई है। अकाली-भाजपा की लोक विरोधी नीतियों का डटकर विरोध किया। नतीजतन उनके खिलाफ कई झूठे परचे दर्ज किए गए हैं।
मैंने पार्टी को एकजुट करने की पूरी कोशिश की, लेकिन कहीं न कहीं मुझे महसूस हो रहा है कि केंद्र सरकार के खिलाफ लोगों में जो गुस्सा था, पार्टी उसे वोटों में बदलने में नाकाम रही। इसी लिए मैं प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे रहा हूं। बिना किसी पद के, एक आम वर्कर की तरह मैं पार्टी के लिए काम करता रहूंगा।
सुखपाल सिंह खैहरा, पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता