मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा’ स्कीम शुरू करने के पीछे कोई राजनीतिक मकसद नहीं है।
नव वर्ष के अवसर पर मंडी भगतावाली में आदि धर्म समाज द्वारा आयोजित करवाए धार्मिक समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने विरोधी पार्टियों के इस स्कीम के पीछे सियासी मकसद होने के आरोपों को पूरी तरह रद्द किया।
इससे पहले जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री वाल्मीकि तीर्थ, अमृतसर में बनाई जा रही अत्याधुनिक यादगार इस साल देश को समर्पित कर दी जाएगी। इस स्थान पर भगवान वाल्मीकि जी ने रामायण की रचना की थी।
उन्होंने कहा कि इस यादगार का काम युद्धस्तर पर चल रहा है जो 250 करोड़ रुपये की लागत से शीघ्र ही बनकर तैयार हो जाएगी। इस अवसर पर आदि धर्म समाज के मुखी दर्शन रत्न रावन, सफाई कर्मचारी कल्याण बोर्ड पंजाब के चेयरमैन राजकुमार अतीकाए और मुख्यमंत्री के विशेष प्रमुख सचिव डॉ. करुणा राजू उपस्थित थे।