पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जम्मू बस स्टैंड पर संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा पंजाब रोडवेज की बस पर किए कायराना ग्रेनेड हमले की तीखी आलोचना की है। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता यकीनी बनाने के लिए राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी को जम्मू-कश्मीर के अपने समकक्ष से तालमेल करने को कहा है।
यह हमला पठानकोट डिपो की पंजाब रोडवेज की बस नंबर पीबी 06 क्यू 9565 पर किया गया। यह बस जम्मू से अमृतसर जाने वाली थी। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 33 अन्य जख्मी हो गए। घायलों में एक व्यक्ति पंजाब से संबंधित है।
मुख्यमंत्री के मुख्य प्रमुख सचिव सुरेश कुमार ने उससे बातचीत करने के बाद बताया कि हरजीत सिंह पुत्र जगीर सिंह निवासी गांव राय चक्क डेरा बाबा नानक ज़िला बटाला से संबंधित है। उसकी दाहिनी टांग पर चोट लगी है लेकिन वह खतरे से बाहर है। मुख्यमंत्री ने सुरेश कुमार को हरजीत सिंह से संपर्क बनाने और उसके इलाज के लिए हरसंभव मदद के निर्देश दिए थे।