109 घंटे बाद 150 फीट गहरे बोरवेल से निकाले गए दो साल के मासूम बच्चे फतेहवीर सिंह की मौत पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया है। सीएम ने फतेहवीर की मौत पर दुख जाहिर किया और मां-बाप को सांत्वना दी। उन्होंने लिखा कि बच्चे की मौत से मैं बहुत दुखी हूं।
मैं वाहेगुरु से प्रार्थना करता हूं कि वह दुख की इस घड़ी में बच्चे के मां-बाप को हिम्मत दें। मैं, मेरा परिवार और मेरे सभी मंत्री-विधायक पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं, हर संभव मदद की जाएगी।
फतेहवीर की मौत पर गहरा दुख जताते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य भर में खुले पड़े सभी बोरवेलों को बंद करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव के नेतृत्व वाले आपदा प्रबंधन ग्रुप को ऐसी घटनाओं से बचने और रोकने के लिए एसपीओ (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) को अंतिम रूप देने के लिए कहा है।
मुख्यमंत्री ने राज्य भर में खुले पड़े बोरवेल की जानकारी डिप्टी कमिश्नरों से मांगी है और उन्होंने इस तरह की घटना से बचने के लिए तुरंत कदम उठाए जाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए गठित किए ग्रुप को राहत कामों में किसी भी तरह की कमी का अध्ययन करने और भविष्य में इस तरह के किसी भी मामले में तेजी से कार्रवाई के लिए अपनी सिफारिशें देने को कहा है।