भट्ठल ने कहा कि वे कांग्रेस की वरिष्ठ और युवा नेतृत्व की सराहना करती हैं कि दोनों ही साफ नीयत से पार्टी को आगे ले जाने के काम में जुटे हैं। पंजाब सरकार ने अब तक करीब 70 फीसदी वादे पूरे कर दिए हैं लेकिन किसी को पता नहीं था कि कोरोना महामारी जैसे हालात का भी सामना करना पड़ेगा।
यह पूछे जाने पर कि नवजोत सिद्धू के साथ हैं या सीएम कैप्टन के साथ, भट्ठल ने कहा कि वे कांग्रेस के साथ हैं। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि कांग्रेस में कोई धड़ेबंदी है। कैप्टन सरकार बाकी वादे भी पूरे करेगी और बेअदबी मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। क्योंकि यह भावनात्मक मामला है और सूबे के हर व्यक्ति से जुड़ा है।
कैबिनेट बैठक व अन्य कारण से कैप्टन को दिल्ली जाने में हुई देरी
तीन सदस्यीय कमेटी बीते सोमवार से हर रोज पंजाब के कांग्रेस नेताओं को बुलाकर पूरे विवाद पर उनका पक्ष सुन रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री को बुधवार को दिल्ली जाना था लेकिन पंजाब कैबिनेट की बैठक व अन्य कार्यों के कारण वे गुरुवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली पहुंचकर कैप्टन ने कपूरथला हाउस में खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी के साथ बैठक की। इस मौके पर सीएम के सलाहकार कैप्टन संदीप संधू भी मौजूद रहे।