टैक्स चोरी रोकने व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करेगा एआई
- कैबिनेट ने माना कि सड़क हादसों में मौतों की संख्या घटाने, टैक्स चोरी रोकने, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, लोगों के मसलों के अधिक प्रभावी ढंग से समाधान और अन्य कार्यों में एआई मददगार साबित हो सकता है।
- इसके लिए पंजाब राज गवर्नेंस सोसाइटी (पीईजीएस) में नई तकनीकों (इमर्जिंग प्रौद्योगिकी) संबंधी एक सेंटर पहले ही स्थापित किया गया है। एआई व मशीन लर्निंग (एमएल) का पूरा फायदा लेने के लिए विभाग ने एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के साथ समझौता किया है।
- यह भी फैसला किया है कि एआई पर और ज्यादा ध्यान देकर नई प्रौद्योगिकी के लिए बने इस सेंटर को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू) का भी गठन किया जाएगा।
हर जिले के मुख्य पार्क में बनेगा शहीदी स्मारक
आजादी के संघर्ष के दौरान बलिदान देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रीय नायकों के सम्मान में हर जिले के प्रमुख पार्क में शहीद स्मारक बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस पर संबंधित जिले के शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के नाम लिखे जाएंगे, जिन्होंने आजादी के आंदोलन में या किसी जंग में शहादत पाई।
दिल्सी एयरपोर्ट पर पंजाब के यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष केंद्र
नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में एनआरआई की सुविधा के लिए इंटरनेशनल टर्मिनल के अराइवल हॉल में फैसिलिटेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे। यह केंद्र 24 घंटे खुला रहेगा और टर्मिनल में पहुंचने वाले सभी एनआरआई व अन्य मुसाफिरों को सहायता प्रदान करेगा। यहां मुसाफिरों और उनके रिश्तेदारों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी। उन्हें फ्लाइट, टैक्सी सेवा, सामान खो जाने की घटनाओं में मदद और अन्य सहायता प्रदान की जाएगी। यात्रियों को पंजाब भवन या नजदीकी स्थानों पर ले जाने के लिए वाहन भी उपलब्ध होंगे।
45 कैदियों की सजा में विशेष छूट
‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तीसरे चरण में स्वतंत्रता दिवस से पहले राज्य भर की जेलों में बंद 45 कैदियों की सजा में विशेष छूट देने को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है। विशेष छूट के केस को पंजाब के राज्यपाल की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। कैबिनेट ने शुक्रवार को पुलिस विभाग की साल 2019 की सालाना प्रशासनिक रिपोर्ट को भी मंजूरी दी है।